Saturday, 1 April 2017

स्कूलों में आज से लौटेगी रौनक नए सत्र का आगाज आज से

लखनऊ। कार्यालय संवाददाता
राजधानी के स्कूलों में शनिवार से एक बार फिर रौनक नजर आएगी। नए शैक्षिक सत्र 2017-18 का आगाज होने जा रहा है। यूपी बोर्ड से लेकर सरकारी प्राइमरी व अपर प्राइमरी स्कूलों के साथ ही सीबीएसई और आईएससी के ज्यादातर स्कूलों में भी आज से सत्र की शुरुआत की जाएगी।
नई किताब, नई यूनिफार्म, नया बस्ता लेकर पहले दिन स्कूल पहुंचने की उत्सुकता शुक्रवार को बच्चों में खूब नजर आई। किताबों और यूनिफार्म के लिए शहर की दुकानों पर दिन भर भड़ी लगी रही। सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए शनिवार से विशेष अभियान का संचालन किया जाएगा। शिक्षा विभाग के शिक्षक और कर्मचारी घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल भेजने की अपील करेंगे। केन्द्रीय विद्यालयों में नई कक्षा में छात्र-छात्राओं को तनाव मुक्त माहौल देने के लिए इस बार यहां मिनिमम लर्निंग पैकेज प्रोग्राम को लागू किया गया है।
सबेरे आठ बजे से खुलेंगे बेसिक स्कूल
इसके तहत, पहले दस दिन छात्रों को पिछली कक्षा में पढ़े गए सिलेबस को दोहराया जाएगा। इसके बाद ही आगे की पढ़ाई शुरू होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण मणि त्रिपाठी ने बताया कि अब सभी प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूल सुबह आठ से एक बजे तक चलेंगे।
प्रार्थना के साथ करें शुरुआत
एडी बेसिक महेंद्र सिंह राणा ने शुक्रवार को निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने कहा कि सत्र के पहले ही दिन से पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए शिक्षक समय से विद्यालय में निर्धारित समय से आधा घंटा पहले विद्यालय पहुंचें। 7.50 मिनट पर सभी बच्चे प्रार्थना स्थल पर पहुंच कर प्रार्थना, राष्ट्रगान करेंगे। शिक्षक भी प्रतिदिन पढ़ाए जाने वाले पाठ या उसके प्रकरण को शिक्षक डायरी में पूर्व से ही अंकित करके लाएं। सप्ताह भर पढ़ाए गए पाठों का अवलोकन एनपीआरसी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षक मर्यादित वेशभूषा में होंगे और प्रत्येक शिक्षक विद्यालय में अपना परिचय पत्र गले में पहने रहेंगे। यह परिचय पत्र प्रधानाध्यापक के हस्ताक्षर से जारी होगा। बाद में बीएसए इसे जारी करेंगे। कोई भी शिक्षक एनपीआरसी के बुलाने पर नहीं जाएगा। बल्कि एपीआरसी स्वयं विद्यालयों में जाकर सूचना देंगे। एडी बेसिक ने विद्यालयों को स्वच्छ रखने केभी निर्देश दिए हैं।

No comments:

Post a Comment