Saturday, 1 April 2017

केमेस्ट्री का पेपर लीक होने की आशंका, राज्यपाल से शिकायत पर जागा अवध विवि प्रशासन



फैजाबाद : डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा की सुचिता पर सवाल खड़ा हो गया है। शनिवार को प्रथम एवं द्वितीय पाली में बीएससी भाग-एक एवं दो रसायन विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र से संबंधित पर्चा लीक होने की आशंका पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अज्ञात के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के लिए तहरीर दी है।

कुलपति प्रो. जीसीआर जायसवाल ने तीन सदस्यीय आंतरिक कमेटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं। अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा की सुचिता पर सातवें दिन जिले के अधिवक्ता शीलेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को प्रथम एवं द्वितीय पाली में होने वाली बीएससी-भाग एक एवं भाग-दो रसायन विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र के लीक होने से संबंधित शिकायत राज्यपाल राम नाईक को मेल के जरिए भेजी।

पेपर लीक होने की खबर पाकर विवि प्रशासन के होश उड़ गए और पूरे दिन अफरातफरी मची रही। हालांकि देर शाम मामले को गंभीरता से लेते हुए विवि के कुलसचिव एसएस पाल ने पुलिस को तहरीर देकर प्रकरण में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके जांच की मांग की। कुलपति प्रो. जायसवाल ने यह भी आदेश दिया है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आंतरिक जांच की रिपोर्ट प्राप्त होते ही इसे परीक्षा समिति के पटल पर रख कर अंतिम निर्णय लिया जाए।

No comments:

Post a Comment