Saturday, 1 April 2017

छठे वेतन आयोग व वेतन विसंगतियों का होगा निस्तारण: योगी


लखनऊ :छठे वेतन आयोग की वेतन विसंगतियों, राजकीय निगमों व स्थानीय निकाय की लम्बित मांगों को जल्द ही निपटाया जाएगा। यह आश्वासन कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों से मुलाकात में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया।

रविवार को कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष वीपी मिश्र के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। एनेक्सी सचिवालय के कार्यालय में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और उनसे प्रदेश के कर्मचारियों एवं शिक्षकों की समस्याओं के समाधान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों एवं शिक्षकों की समस्याओं से वह भलीभांति परिचित हैं। छठे वेतन आयोग की वेतन विसंगतियों के साथ ही राजकीय निगमों व स्थानीय निकाय की लम्बित मांगों का जल्द निस्तारण कराएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि घाटे में चल रहे दस निगमों के सम्बंध में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस माह के द्वितीय सप्ताह में मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके समस्याओं का निस्तारण करेंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में संयोजक सतीश कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिकुमार मिश्र, अतुल मिश्र और नगर निगम जलकल कर्मचारी संघ के महामंत्री कैसर रजा आदि शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment